जुलाई यानी सावन के महीने की शुरुआत। सामान्यतः इसी माह तक मॉनसून लगभग पूरे देश में पहुंच चुका होता है। चारों ओर धुली हुई साफ चंचल प्रकृति और सुभावना मौसम। मॉनसून को समृद्धि का प्रतीक भी माना जाता है। स्कूलों का ग्रीष्मकालीन अवकाश भी जुलाई में ही पूरा होता है और बच्चे स्कूल जाना शुरू करते हैं। महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में भी प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो चुकी होती है और अध्यापन सत्र शुरू हो जाता है। लोकसभा का मॉनसून सत्र भी इन्हीं दिनों आहूत किया जाता है।
आयकर की जानकारी तथा रिटर्न भरने की दृष्टि से भी यह माह बहुत महत्वपूर्ण है। आर्थिक नजरिए से महत्वपूर्ण इस विषय पर हमने ऑनलाइन समेत लगभग सभी अपेक्षित जानकारियों तथा सूचनाओं को समझाने प्रयास किया है, जिससे आयकर की प्रक्रिया को आसानी से समझा जा सके।
हमने अपने उपयोगकर्ताओं को प्रासंगिक जानकारी देने के लिए दो नए विशेष रुचि समूहों को जोड़ा है। इसमें
ग्रामीण भारत को नागरिक खंड के अंतर्गत तथा
आयातक तथा निर्यातक को व्यापार खंड के अंतर्गत प्रस्तुत किया है। इन दोनों विशेष रुचि समूहों के जरिए इन क्षेत्रों में भारत सरकार द्वारा दी जा रही महत्वपूर्ण जानकारियों तथा सेवाओं को प्रस्तुत किया गया है। नागरिकों एवं समाज को और अधिक जानकारी देने के उद्देश्य से हम अधिक से अधिक विशेष रुचि समूहों को शामिल करते रहेंगे।
हम आपके निरन्तर सहयोग की सराहना करते हैं और आपके सुझावों तथा प्रतिक्रिया का स्वागत करते हैं।